


देहरादून/ऋषिकेश: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने ऋषिकेश के आदर्श नगर (निकट रेलवे स्टेशन) में नियमों को ताक पर रखकर बनाई जा रही एक बहुमंजिला इमारत को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस सख्त कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थ सिंघल द्वारा ऋषिकेश में बिना स्वीकृत मानचित्र के बहुमंजिला निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने पहले नोटिस जारी किया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर सहायक अभियन्ता अभिषेक भारद्वाज और अवर अभियन्ता पूनम सकलानी के नेतृत्व में पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण स्थल को सील करने की विधिक कार्रवाई की गई।
अधिकारियों का सख्त रुख
MDDA के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि शहर के मास्टर प्लान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा:
बंशीधर तिवारी (उपाध्यक्ष, MDDA): “अवैध निर्माण शहरी सौंदर्य और जनसुरक्षा के लिए खतरा हैं। हमारा लक्ष्य शहरों का सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना है। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
मोहन सिंह बर्निया (सचिव, MDDA): “संबंधित पक्ष को पहले मौका दिया गया था, लेकिन नियमों की अनदेखी के चलते सीलिंग की कार्रवाई की गई है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
आम जनता के लिए अपील
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य से पहले विधिवत मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें। MDDA ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के भू-उपयोग परिवर्तन या अवैध प्लाटिंग पाए जाने पर बिना किसी रियायत के तत्काल एक्शन लिया जाएगा।







