

ऋषिकेश: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने गुरुवार को ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने एक बहुमंजिला इमारत को सील करने के साथ ही करीब 11 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को जमींदोज कर दिया। MDDA की टीम ने पशुलोक निर्मल बाग की गली नंबर 10 में श्रवि द्वारा बनाए जा रहे एक बहुमंजिला भवन पर छापा मारा। बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे इस निर्माण को मौके पर ही सील कर दिया गया। इस कार्रवाई केदौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज और अवर अभियंता पूनम सकलानी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया। यहां सुनील रावत द्वारा लगभग 5 बीघा भूमि पर अवैध रूप से सड़कें और प्लॉट काटे जा रहे थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। संदीप रावत द्वारा करीब 6 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को पूरी तरह हटा दिया गया।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर के सुनियोजित विकास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि नागरिक अपनी गाढ़ी कमाई निवेश करने से पहले यह जरूर जांच लें कि निर्माण या प्लाटिंग को प्राधिकरण से अनुमति मिली है या नहीं। बिना मानचित्र स्वीकृति के निवेश जोखिम भरा हो सकता है। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिनों में भी अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।







