

Rishikesh: राजकीय प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में हाल ही में हुई अभद्रता और मारपीट की घटना के बाद शिक्षकों में फैले भय और आक्रोश के माहौल के बीच शनिवार को स्थानीय विधायक बृजभूषण गैरोला विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है तथा उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान एक स्थानीय युवक अचानक परिसर में घुस आया था। आरोपी ने प्रधानाध्यापिका समेत दो अन्य शिक्षकों के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। इस घटना ने विद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को गहरे सदमे में डाल दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है और शिक्षक समाज में घटना को लेकर रोष व्याप्त है।
शनिवार को डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों से विस्तार से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त व्यवस्था की जाए। विधायक ने यह भी कहा कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते, तब तक पीड़ित महिला शिक्षिका को समुचित राहत और संरक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि वे बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
इस दौरान विधायक गैरोला ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी शिक्षा संस्थान की गरिमा से खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सभासद ईश्वर रौथाण, विक्रम सिंह नेगी, रामेश्वर लोधी, कोतवाली के एसएसआई विनोद राणा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।







