

ऋषिकेश: महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर नीलकंठ धाम में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पौड़ी पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए विशेष वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।

नीलकंठ शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर उत्तराखंड और आसपास के राज्यों से लाखों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। 15 फरवरी को भी बड़ी संख्या में भक्तों के आने की संभावना है। इसी कारण नीलकंठ मोटर मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए यह योजना बनाई गई है।
भीड़ बढ़ने की स्थिति में पुलिस का वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। इसके तहत हरिद्वार से आने वाले सभी वाहन गरुड़चट्टी के रास्ते नीलकंठ धाम में प्रवेश करेंगे। वहीं, वापसी करने वाले वाहन गरुड़चट्टी के पास बने बाइपास मार्ग से होते हुए सीधे बैराज पहुंचेंगे और वहां से हरिद्वार की ओर भेजे जाएंगे।
पुलिस ने श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए भी व्यवस्था की है। स्वर्गाश्रम क्षेत्र में तीन पार्किंग स्थल और नीलकंठ धाम के आसपास दो पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। सभी शिव भक्तों के वाहन इन्हीं पार्किंग स्थलों में खड़े कराए जाएंगे।
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पौड़ी पुलिस पड़ोसी जिलों टिहरी और देहरादून पुलिस से भी समन्वय कर रही है। इससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित व सुगम बनी रहे। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और प्रशासन द्वारा तय किए गए मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि सभी को आसानी से दर्शन का अवसर मिल सके।







