

ऋषिकेश: बापू ग्राम गांव के लोग अपने घर और जमीन को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यह लड़ाई अब लोगों के जीवन और अधिकारों से जुड़ गई है।
इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बापू ग्राम के धरना स्थल पर पहुंचे और लोगों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई आम लोगों को अकेले नहीं लड़नी चाहिए, बल्कि सरकार को अदालत में उनकी तरफ से मजबूती से पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सरकार को चुनती है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनता की समस्याओं को सही तरीके से अदालत में रखे।

हरीश रावत ने मुख्य सचिव से भी बात की और मांग की कि इस मुद्दे पर जल्द से जल्द कैबिनेट में फैसला लिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर कैबिनेट में फैसला नहीं होता है, तो मुख्यमंत्री को विशेष सत्र बुलाकर बापू ग्राम के लोगों की जमीन बचाने के लिए कदम उठाने चाहिए।

धरने में बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति के नेता, पार्षद और कई स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने मिलकर अपनी मांगों से जुड़ा एक ज्ञापन पूर्व मुख्यमंत्री को सौंपा। लोगों ने यह भी मांग की कि विपक्षी नेता इस मुद्दे को विधानसभा और संसद में उठाएं, ताकि सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले और इसका समाधान निकाले।







