

ऋषिकेश: शिवाजी नगर में प्रीति रावत की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि आवास विकास निवासी सुरेश गुप्ता ने शादी से इनकार करने पर प्रीति की गोली मारकर हत्या की और उसने षड्यंत्र के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। इस षड्यंत्र में सुरेश गुप्ता अकेला ही शामिल रहा।

फिलहाल पुलिस पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद करने में जुटी है। इसके अलावा सुरेश गुप्ता ने जिस व्यक्ति से तमंचा लिया है, पुलिस उसकी तलाश भी कर रही है। पूछताछ में सुरेश गुप्ता ने तमंचा देने वाले व्यक्ति का नाम पुलिस के सामने उगला है। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले तमंचा देने वाले का नाम सार्वजनिक करने से इनकार किया है।
वही इस मामले में प्रीति रावत के भाई, पिता और बहन ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है, लेकिन सुरेश गुप्ता से खुद की जान को खतरा भी बताया है। आरोप है कि वारदात से पहले सुरेश गुप्ता ने सभी परिजनों को धमकी दी है। परिजनों ने पुलिस से सख्त विवेचना कर आरोपी को जमानत नहीं मिलने देने की मांग की है।
इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसपी जया बलूनी ने बताया कि आरोपी को सख्त-से सख्त सजा मिले इसके प्रयास पुलिस करेगी। परिजनों की सुरक्षा करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।







