


ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। रात करीब दस बजे जब महिला अपने किराये के कमरे में अकेली थी, तभी एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने जाली वाला दरवाजा खोला, युवक ने पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान प्रीति रावत 32 वर्ष निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। प्रीति पिछले करीब एक साल से शिवाजी नगर में किराये पर रह रही थी और एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स ऋषिकेश में कार्यरत थी। दिनदहाड़े जैसी सटीक योजना के साथ की गई इस हत्या ने साफ कर दिया कि यह कोई अचानक उपजा विवाद नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश ने प्रीति की हत्या की योजना काफी पहले बना ली थी। वारदात को अंजाम देने का तरीका और घटना के बाद उसका व्यवहार यह दर्शाता है कि वह एक शातिर अपराधी की तरह काम कर रहा है। हत्या के बाद सुरेश ने अपने वाहन भी शहर में ही छोड़ दिए। उसकी स्कूटी नगर निगम के पास जबकि कार आवास विकास क्षेत्र के समीप खड़ी मिली। बताया जा रहा है कि वह स्कूटी से घटनास्थल तक पहुंचा और फिर किसी अन्य साधन से शहर छोड़कर फरार हो गया।
हत्या के बाद से आरोपी ने केवल प्रीति और उसके परिजनों से ही फोन पर संपर्क किया, जिससे पुलिस किसी अन्य कड़ी के जरिए उस तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। आशंका जताई जा रही है कि सुरेश शहर से काफी दूर निकल चुका है। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपी उनकी रडार पर है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी का शातिराना रवैया इस बात की पुष्टि करता है कि यह हत्या आवेश में नहीं बल्कि पूरी तैयारी और साजिश के तहत की गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुरेश ने प्रीति के साथ शादी कर ऋषिकेश में रहने के इरादे से लक्सर हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक संपत्ति बेच दी थी। बताया गया कि सुरेश ने करीब 35 लाख रुपये में अपनी पूरी संपत्ति बेची, लेकिन इस राशि में ऋषिकेश में मनपसंद मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। पुलिस के अनुसार इसी मनमुटाव और मानसिक अवसाद ने सुरेश को इस खौफनाक कदम तक पहुंचा दिया।
वहीं मृतका के परिजनों ने हत्या के पीछे एक अलग कहानी बताई है। उनका कहना है कि सुरेश प्रीति पर शादी का लगातार दबाव बना रहा था, जिसके चलते उसने अपनी पत्नी को भी तलाक दे दिया था। जब प्रीति ने उससे शादी करने से साफ इनकार कर दिया तो सुरेश ने उसकी हत्या कर दी। प्रीति की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि सुरेश पहले भी प्रीति के साथ मारपीट कर चुका था और एक बार उसका गला दबाने की कोशिश भी की गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि सुरेश प्रीति का शारीरिक शोषण करता था।
आरोपी सुरेश किसी सामाजिक संगठन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है और वह सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर राज्यसभा सांसद, विधायक, पार्षदों और कई अन्य नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







