

तीर्थनगरी ऋषिकेश में लोहड़ी का पर्व धूमधाम से मनाने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर के बाजारों से लेकर मोहल्लों तक, हर तरफ त्योहार का उल्लास नजर आ रहा है। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। त्योहार को लेकर ऋषिकेश के मुख्य बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। रेवड़ी, मूंगफली, गजक और पॉपकॉर्न की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ देखी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस साल लोहड़ी को लेकर लोगों में काफी उत्साह है और व्यापार में भी तेजी आई है।
शहर के विभिन्न स्थानों, विशेषकर पंजाबी बहुल क्षेत्रों में सार्वजनिक रूप से लोहड़ी जलाने की तैयारी है। रात के समय विधि-विधान से अग्नि प्रज्वलित की जाएगी। जिसमें लोग तिल, गुड़ और रेवड़ी अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। पारंपरिक गीतों और ढोल की थाप पर भांगड़ा व गिद्धा आकर्षण का केंद्र रहेगा। लोहड़ी मनाने को लेकर अलग-अलग समुदाय की अपनी मान्यताएं हैं। कोई इसे फसल कटाई के उत्सव के रूप में देखता है तो कोई इसे दुल्ला भट्टी की कहानियों से जोड़ता है।
ऋषिकेश में सभी समुदायों के लोग मिलजुलकर इस पर्व को मना रहे हैं। जो शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को दर्शाता है।







