

ऋषिकेश: मुनिकीरेती स्थित मधुबन आश्रम के मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को अब अपनी पोशाक का खास ख्याल रखना होगा। छोटे और अमर्यादित वस्त्र पहनकर श्रद्धालु अब मंदिर में भगवान के दर्शन नहीं कर पाएंगे। इस संबंध में आश्रम प्रबंधन ने गेट पर एक बोर्ड लगा दिया है। जिसमें साफ-साफ लिखा है कि महिलाएं पुरुष और बालिकाएं छोटे वस्त्र पहनकर मंदिर में प्रवेश न करें।
मुख्य रूप से मिनी स्कर्ट, नाइट सूट, कटी फ़टी जीन्स पहन कर आने वाले भक्तों को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आश्रम प्रबंधन की माने तो यह निर्णय मंदिर की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साफ कहना है कि मंदिर में मर्यादित वस्त्र पहनकर ही पूजा पाठ करनी चाहिए।
आश्रम प्रबंधन के इस फैसले पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं ने अपनी प्रतिक्रिया में इस फैसले को उचित करार दिया है। बता दें कि इससे पहले उत्तराखंड के तमाम मंदिरों में इस प्रकार के निर्णय लिए जा चुके हैं। जिसमें मुख्य रूप से बद्री केदार गंगोत्री यमुनोत्री धाम शामिल हैं। इसके अलावा नीलकंठ मंदिर और क्षेत्र के कई साई मंदिर में भी इस प्रकार के नियम लागू किया जा चुके हैं।







