

उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने देहरादून रोड स्थित फ्लाईओवर के नीचे से एक युवक को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी गाजियाबाद से नशे की यह खेप ऋषिकेश पहुँचाने आया था।
बता दे कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशानुसार जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश कोतवाली पुलिस लगातार चेकिंग कर रही है।
सोमवार (16 फरवरी) को पुलिस टीम देहरादून रोड फ्लाईओवर के पास संदिग्धों की तलाश में थी। इसी दौरान एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देख उसे रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर युवक के पास मौजूद बैग से 3 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त की पहचान राम खेलावन उर्फ अभिषेक निवासी जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में गाजियाबाद में रहता है। उसे गाजियाबाद के एक टेंपो चालक ने यह बैग ऋषिकेश बस अड्डे पर किसी अज्ञात व्यक्ति को देने के लिए दिया था। आरोपी पहली बार ऋषिकेश आया था और उसे रिसीवर के नाम-पते की जानकारी नहीं थी, केवल हुलिए के आधार पर डिलीवरी होनी थी।
कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







