



उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पर्वतीय जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलती है। वहीं मैदानी इलाकों में सुबह से देर तक कोहरे की चादर बिछी रहती है, जिससे दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
दिन के समय जब हल्की धूप निकलती है तो लोग खुले स्थानों पर धूप सेंकते नजर आते हैं, जबकि सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना मजबूरी बन गया है। पर्वतीय अंचलों में सुबह-शाम कंपकंपी छुड़ा देने वाली ठंड पड़ रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ा रहा है।
बारिश और बर्फबारी के आसार
———————————————–
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जिलों के मैदानी क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना जताई है, जिसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
घने कोहरे को लेकर अलर्ट
————————————–
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके चलते लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि कोहरा लोगों की परेशानियों को बढ़ा सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
कोहरे से ठप हो रही रफ्तार
—————————————–
सर्दी का असर सिर्फ पर्वतीय क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि मैदानी जिले भी इसकी चपेट में हैं। बीते दिनों गंगोत्री धाम में तापमान में भारी गिरावट के चलते नदी-नाले और झरने जमने की तस्वीरें सामने आई थीं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई है, जिससे हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई है। वाहन चालक मजबूरी में लाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाते नजर आ रहे हैं।

