

देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए दो निरीक्षकों और दो उप निरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। ये सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार निरीक्षक अरविन्द चौधरी, जो अब तक पुलिस कार्यालय में प्रभारी एसआईटी के रूप में कार्यरत थे, को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रभारी निरीक्षक थाना कालसी नियुक्त किया गया है। वहीं निरीक्षक बी.एल. भारती, जो पुलिस कार्यालय में प्रभारी सीनियर सिटीजन सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, को बतौर प्रभारी निरीक्षक थाना चकराता भेजा गया है।
इसी क्रम में कालसी थाना के वर्तमान थानाध्यक्ष उप निरीक्षक दीपक धारीवाल को उनके पद से हटाकर एसओजी शाखा देहरादून में तैनात किया गया है। जबकि चकराता थाना के थानाध्यक्ष उप निरीक्षक शेखर चंद्र नौटियाल को स्थानांतरित कर विकासनगर कोतवाली में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह सभी तबादले विभागीय आवश्यकताओं और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।







