

उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मच गया है। पहले उत्तरकाशी और नैनीताल के बाद अब टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर बम होने की सूचना मिली। इस खबर के बाद दोनों कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत कोर्ट को खाली कराया और बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वायड की मदद से पूरे परिसर की तलाशी ली।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस और एलआईयू (खुफिया इकाई) की टीम ने कोर्ट के हर कोने की जांच की, लेकिन शुरुआती जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद वकीलों और कोर्ट कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है। नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि कोर्ट की ई-मेल आईडी पर बम रखने की धमकी मिली थी। इसके बाद पूरे परिसर की जांच कराई गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। फिर भी एहतियात के तौर पर नजर रखी जा रही है।
उत्तरकाशी में पहले भी मिल चुकी है धमकी
सोमवार को उत्तरकाशी जिला न्यायालय की ई-मेल आईडी पर भी बम और आरडीएक्स होने की सूचना मिली थी। इस मेल के बाद कोर्ट परिसर में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत कोर्ट और आसपास के इलाके को खाली कराया। मौके पर बम निरोधक दस्ता, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां पहुंचीं और देर शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरे मेल में लिखा गया था कि कोर्ट परिसर में करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाया गया है। सूचना मिलते ही एसपी कमलेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और कोर्ट रोड पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। नगर कोतवाली में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह धमकी भरा ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







