

ऋषिकेश स्थित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय में 31वीं अंतर-केंद्रीय पीएसयू शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ भव्य रूप से हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (PSCB) के तत्वावधान में किया जा रहा है, जो विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत कार्य करता है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के केंद्रीय विद्युत क्षेत्र के उपक्रमों से जुड़ी कुल 11 संस्थाओं की टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ी शामिल हैं।

उद्घाटन अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, एकाग्रता और रणनीतिक सोच का भी विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि शतरंज जैसा खेल निर्णय क्षमता और धैर्य को मजबूत करता है, जो कार्यस्थल पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। टीएचडीसी कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद ने प्रतियोगिता को प्रतिभागियों के लिए आपसी सहयोग और सौहार्द बढ़ाने का बेहतरीन मंच बताया। वहीं मुख्य महाप्रबंधक डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट और शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाग लिया। इस बार प्रतियोगिता में विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA), बीबीएमबी, डीवीसी, ग्रिड इंडिया, एनएचपीसी, पीएफसी, पावरग्रिड, आरईसी, एसजेवीएनएल और टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मुकाबले अनुभवी निर्णायकों और प्रशिक्षकों की देखरेख में आयोजित किए जा रहे हैं।
इस शतरंज प्रतियोगिता का उद्देश्य न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है, बल्कि केंद्रीय पीएसयू कर्मचारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और बौद्धिक विकास को भी बढ़ावा देना है। आयोजन के माध्यम से विभिन्न उपक्रमों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को मजबूत करने की भी पहल की जा रही है।







