

ऋषिकेश: उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए इसे राज्य के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। बता दे कि आज कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुनिकीरेती पहुंचे। यहां उन्होंने एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बजट में प्रस्तावित पांच नए आयुष-आधारित एम्स की सराहना की। कहा कि उत्तराखंड एक जड़ी-बूटी आधारित राज्य है। हमारे पास प्राकृतिक संसाधनों का भंडार है। इन केंद्रों से न केवल जड़ी-बूटी की खेती करने वाले किसानों को नया बाज़ार मिलेगा, बल्कि आयुष-आधारित शोध को भी बढ़ावा मिलेगा।
बजट में सेमीकंडक्टर 2.0 मिशन पर सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड तकनीक के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे राज्य के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। आर्थिक दृष्टि से भी राज्य और मजबूत होगा। बजट में बुनियादी ढांचे के लिए आवंटित 11 लाख करोड़ रुपये के बजट पर चर्चा करते हुए मंत्री ने इसके बहुआयामी प्रभावों का जिक्र किया। इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश से रोजगार के अवसर कई गुना बढ़ेंगे। 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में क्रिएटिव लैब्स बनने से लगभग 20 लाख युवाओं को फायदा होने की उम्मीद है। पर्यटन क्षेत्र में 11 हजार गाइडों के प्रशिक्षण और रेलवे नेटवर्क के विस्तार से होटल इंडस्ट्री और स्थानीय व्यवसायों को नई ऊर्जा मिलेगी।
सुबोध उनियाल ने बजट को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास से स्थानीय उत्पादों को एक नई पहचान मिलेगी। जिससे अंततः ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।







