


देहरादून के लोक भवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 (फूलों की प्रदर्शनी) की शुरुआत हो गई है। यह महोत्सव 27 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्घाटन आज सुबह 10 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किया। इस बार वसंतोत्सव में नई तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित एप के जरिए आने वाले आगंतुकों की संख्या की गणना करेगा। इसके लिए लोक भवन के मुख्य द्वार पर एआई कैमरे लगाए गए हैं।
आगंतुक चाहें तो वेबसाइट पर अपना स्वैच्छिक पंजीकरण भी कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण करने पर उन्हें एक डिजिटल आई-कार्ड मिलेगा। यह पंजीकरण पूरी तरह वैकल्पिक (इच्छा अनुसार) रहेगा। राज्यपाल ने फूलों से सजे विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर लोगों को वसंतोत्सव की जानकारी देंगे।
वसंतोत्सव का समय
27 फरवरी: दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक
28 फरवरी और 1 मार्च: सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक
यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए निःशुल्क (फ्री) खुली रहेगी।
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा
आगंतुक वेबसाइट vmsbutu.live पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इससे उन्हें डिजिटल पहचान पत्र (आई-कार्ड) मिलेगा और आयोजन की व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इस वसंतोत्सव में रंग-बिरंगे फूलों की प्रदर्शनी के साथ लोगों को प्रकृति और पर्यावरण से जुड़ने का अवसर मिलेगा। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के साथ इस आयोजन को और बेहतर व व्यवस्थित बनाना है।







