

ऋषिकेश: उत्तराखंड बार काउंसिल ऑफ के आगामी चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। देहरादून के वरिष्ठ सिविल अधिवक्ता मनमोहन लांबा ने एक प्रेस वार्ता के माध्यम से चुनाव की तारीख और मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को चुनाव की तिथि तय की गई है। जिसमें 104 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
अधिवक्ता लांबा ने मतदाताओं को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि बैलेट पेपर पर किसी भी प्रकार का टिक मार्क, हस्ताक्षर या अन्य निशान न बनाएं, अन्यथा मत अवैध घोषित कर दिया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को कम से कम 5 वोट और अधिकतम 23 वोट वरीयता के क्रम में देने होंगे। वरीयता क्रम में कोई भी अंक छूटना नहीं चाहिए, वरना उसके बाद के वोट नहीं गिने जाएंगे। मतदान के लिए पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। चुनाव के साथ-साथ अधिवक्ताओं ने सरकार से अपनी कुछ लंबित मांगों को भी दोहराया है। जिसमे वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिवक्ताओं के लिए पेंशन की व्यवस्था, नए और कनिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए शुरुआती 4-5 वर्षों तक स्टाइपेंड की सुविधा, प्रदेश के सभी न्यायालयों और तहसीलों में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए समुचित चैंबर की व्यवस्था जैसी मांगे शामिल है।
अधिवक्ता लांबा ने सभी मतदाताओं से 17 फरवरी को सुबह 10 बजे अपने-अपने मुख्यालयों और तहसीलों में पहुंचकर भारी संख्या में मतदान करने की अपील की है।







