


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव से नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक खेलों को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा और धार्मिक व पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी। उन्होंने विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट और दिव्यांग उपकरण भी बांटे तथा महिला समूहों और स्थानीय लोगों से बातचीत की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई साहसिक खेलों की शुरुआत की, जिनमें पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर बंजी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को अपने ही इलाके में रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं को बेहतर बनाने पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी जिले में चल रही कई बड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। इनमें श्रीनगर में एनआईटी का निर्माण, खोह नदी के लिए सीवरेज प्लांट, कोटद्वार में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, पुल निर्माण और पर्यटन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत प्रशासन की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रही हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचा रही हैं।
इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार वैली फेस्टिवल उत्तराखंड को देश और विदेश में एडवेंचर टूरिज्म के लिए प्रसिद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह महोत्सव पौड़ी जिले को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।







