



Uttarakhand: नए साल की शुरुआत उत्तराखंड के आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। राज्य सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं से जुड़े अफसरों को तरक्की का तोहफा देते हुए पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए हैं। मंगलवार को कार्मिक विभाग ने आईएएस अधिकारियों की पदोन्नति से संबंधित आदेश जारी किए, जबकि गृह विभाग ने आईपीएस अधिकारियों के प्रमोशन को मंजूरी दी। ये सभी आदेश एक जनवरी से प्रभावी होंगे।
आईएएस कैडर में बड़े स्तर पर पदोन्नतियां की गई हैं। वर्ष 2010 बैच के आठ अपर सचिवों को सचिव पद पर प्रोन्नत किया गया है। इनमें डॉ. अहमद इकबाल, सोनिका, रंजना राजगुरु, ईवा आशीष श्रीवास्तव, आनंद स्वरूप, देवकृष्ण तिवारी, उमेश नारायण पांडेय और राजेंद्र कुमार शामिल हैं। इन सभी को सचिव पद पर पदोन्नति के आदेश सचिव कार्मिक शैलेश बगौली द्वारा जारी किए गए हैं। इनमें से ईवा आशीष श्रीवास्तव को प्रतिनियुक्ति पर होने के कारण परफॉर्मा प्रोन्नति दी गई है।
इसके अलावा, वर्ष 2001 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम को लेवल-15 ग्रेड में प्रोन्नत किया गया है, जिससे उनके वरिष्ठ प्रशासनिक अनुभव को और अधिक जिम्मेदारी के साथ मान्यता मिली है। वहीं, वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी मयूर दीक्षित, वंदना, विनीत कुमार, रीना जोशी और डॉ. आनंद श्रीवास्तव को चयन वेतनमान लेवल-13 में पदोन्नति दी गई है।
2017 बैच के आईएएस अधिकारियों को भी कनिष्ठ प्रशासनिक वेतनमान का लाभ मिला है। इस बैच की नमामि बंसल, गौरव कुमार, संदीप तिवारी, रवनीत चीमा, विनोद गिरी गोस्वामी, प्रशांत कुमार आर्या, आशीष कुमार भटगाई, प्रकाश चंद्र, दीप्ति सिंह और निधि यादव को लेवल-12 में प्रोन्नत किया गया है। वहीं, 2022 बैच के आईएएस अधिकारियों दीपक रामचंद्र सेठ, राहुल आनंद और आशिमा गोयल को वरिष्ठ वेतनमान लेवल-11 प्रदान किया गया है।
पुलिस सेवा में भी नए साल पर अधिकारियों को पदोन्नति का तोहफा मिला है। एडीजी अभिनव कुमार को डीजी रैंक में पदोन्नत किया गया है। वहीं, डीआईजी निवेदिता कुकरेती, पी. रेणुका देवी और बरिंदरजीत सिंह को आईजी पद पर प्रोन्नति दी गई है। इसके अलावा, प्रहलाद नारायण मीणा, प्रीति प्रियदर्शिनी और यशवंत सिंह को एसएसपी से डीआईजी पद पर पदोन्नत किया गया है।
आईपीएस अधिकारियों में तृप्ति भट्ट और रामचंद्र राजगुरु को सेलेक्शन ग्रेड लेवल-13 दिया गया है। वहीं, आईपीएस अर्पण यदुवंशी को जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड में पदोन्नति मिली है, जबकि आईपीएस निशा यादव और जितेंद्र चौधरी को वरिष्ठ वेतनमान लेवल-11 प्रदान किया गया है। सरकार के इन फैसलों से राज्य के प्रशासनिक और पुलिस तंत्र को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

