उत्तराखंड: रोमांच के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। औली में पहली बार राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता दो अलग-अलग स्कीइंग स्लोप पर आयोजित की जाएगी। यह फैसला टेक्निकल कमेटी ने लिया है, क्योंकि औली के मुख्य नंदा देवी स्लोप पर बर्फ तेजी से पिघल रही है।
इस प्रतियोगिता में आईटीबीपी, सेना, सीआरपीएफ, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, लद्दाख, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, ओडिशा और कर्नाटक सहित कई राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में लगभग 200 खिलाड़ी भाग लेंगे।

विंटर कार्निवाल के साथ राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 फरवरी तक किया जाएगा। विंटर कार्निवाल का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) द्वारा किया जाएगा, जबकि राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से किया जाएगा।
विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने बताया कि बर्फ कम होने के कारण प्रतियोगिताएं अलग-अलग स्लोप पर कराई जाएंगी। नंदा देवी स्लोप के टावर नंबर 8 के पास स्की माउंटेनियरिंग और स्नो बोर्ड की प्रतियोगिता होगी। वहीं, टावर नंबर 10 के ऊपर टी-लाइन से एल्पाइन स्कीइंग की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जहां स्लोप पर बर्फ की कमी है, वहां दूसरे स्थानों से बर्फ लाकर स्लोप को तैयार किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाली टीम को 51 हजार रुपये, दूसरा स्थान पाने वाली टीम को 41 हजार रुपये और तीसरा स्थान पाने वाली टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्रॉफी भी दी जाएगी। इस आयोजन से औली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देशभर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

