ऋषिकेश
देशभर में पैर पसार रहे दवाइयों के ऑनलाइन व्यापार (E-Pharmacy) के खिलाफ अब स्थानीय दवा विक्रेताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। इस बढ़ते चलन से चिंतित ‘ऋषिकेश केमिस्ट एसोसिएशन’ ने प्रदेशव्यापी प्रस्तावित हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन देने का एलान किया है। इसके तहत 20 मई को ऋषिकेश क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहेंगे।
व्यापार सभा भवन में हुई अहम बैठक
इस संबंध में रणनीति तैयार करने के लिए केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा के नेतृत्व में सदस्यों ने व्यापार सभा भवन में एक आवश्यक बैठक की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार की नीतियों और ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में शहर के सभी 88 मेडिकल स्टोर पूर्ण रूप से बंद रखे जाएंगे। इस दौरान दवा विक्रेता अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।
आपातकालीन स्थिति के लिए विशेष व्यवस्था
हड़ताल के कारण आम जनता को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए एसोसिएशन ने एक बीच का रास्ता भी निकाला है। अध्यक्ष संदीप मल्होत्रा ने बताया कि आकस्मिक (Emergency) परिस्थितियों को देखते हुए कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टोरों से दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि किसी मरीज की जान जोखिम में न पड़े।
जनता से सहयोग और दवाइयां एडवांस रखने की अपील
एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य और संचालक विनोद कोठारी ने स्पष्ट किया कि इस हड़ताल का मकसद आम जनता को परेशान करना कतई नहीं है, बल्कि अपनी जायज मांगों को सरकार तक पहुँचाने के लिए उन्हें मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ रहा है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से इस आंदोलन में सहयोग की अपील की है।
अपील: संगठन के सदस्यों ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी तरह की असुविधा या आपात स्थिति से बचने के लिए लोग अपनी जरूरी और नियमित दवाइयां आज ही खरीद कर सुरक्षित रख लें।

