टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर जुर्माना लगाया गया है। पाकिस्तानी अखबार एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खिलाड़ियों पर 50-50 लाख पाकिस्तानी रुपये (करीब 16 लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना लगाया है। लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी इस फैसले से बिल्कुल खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह सजा बहुत छोटी है और इससे कोई सुधार नहीं होगा। अफरीदी ने PCB से मांग की है कि कुछ खिलाड़ियों पर और सख्त कार्रवाई की जाए।
पाकिस्तान टीम को ग्रुप स्टेज में भारत से हार मिली थी और सुपर-8 दौर में भी टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। अहम मुकाबलों में जीत न मिलने के कारण पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया।
शाहिद अफरीदी ने क्या कहा?
एक टीवी इंटरव्यू में अफरीदी ने कहा, “PCB का यह फैसला समझ से बाहर है। 50 लाख रुपये कोई बड़ी सजा नहीं है। यह बहुत छोटी सोच है।” उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों का प्रदर्शन खराब रहा है, उन्हें सीधे राष्ट्रीय टीम में नहीं रखना चाहिए।
अफरीदी ने सुझाव दिया कि ऐसे खिलाड़ियों को फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने भेजा जाए ताकि वे अपनी फॉर्म सुधार सकें।
उन्होंने यह भी कहा, “कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्हें कम से कम दो साल तक पाकिस्तान टीम में वापस नहीं लाना चाहिए। टीम में सख्त बदलाव जरूरी हैं।”
खिलाड़ियों के वर्कलोड पर भी बोले अफरीदी
शाहिद अफरीदी ने खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट (आराम और मैचों की संख्या) पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों को आराम की जरूरत है, उन्हें आराम दिया जाना चाहिए और टीम में नए खिलाड़ियों को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक PCB की तरफ से जुर्माने को लेकर कोई आधिकारिक बयान साफ तौर पर सामने नहीं आया है।
पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन
पाकिस्तान टीम को सुपर-8 में इंग्लैंड से हार मिली।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी थी, लेकिन वह लक्ष्य हासिल नहीं कर सका। हालांकि पाकिस्तान ने 212 रन बनाए, लेकिन श्रीलंका ने भी 207 रन बना लिए और बेहतर नेट रन रेट के कारण न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गया।
इस तरह पाकिस्तान टीम लगातार कई बड़े टूर्नामेंटों में नॉकआउट तक नहीं पहुंच पाई:
2023 वनडे वर्ल्ड कप
2024 टी20 वर्ल्ड कप
2025 चैंपियंस ट्रॉफी
और अब यह टी20 वर्ल्ड कप

