

देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने देहरादून जिले का कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रशासनिक तबादला सूची जारी करते हुए पुलिस महकमे में फेरबदल की शुरुआत कर दी है। देर रात जारी आदेशों में रायवाला कोतवाली और रानीपोखरी थाने के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है, जिसे पुलिस प्रशासन में नई कार्यशैली और व्यवस्थागत सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार कोतवाली रायवाला में तैनात प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र खोलिया को स्थानांतरित करते हुए रानीपोखरी थाने का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अब तक रानीपोखरी थाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थानाध्यक्ष विकेंद्र चौधरी को पुलिस कार्यालय देहरादून में तैनाती दी गई है। इस बदलाव के साथ ही दोनों अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है।
इधर, रायवाला कोतवाली में फिलहाल प्रभारी निरीक्षक की नई तैनाती नहीं की गई है, जिससे वहां की कमान अस्थायी रूप से खाली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस महत्वपूर्ण कोतवाली में जल्द ही किसी प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल द्वारा जारी यह पहली तबादला सूची आने वाले समय में पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल की शुरुआत का संकेत भी दे रही है।







