भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनका विवाह समारोह उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मसूरी में स्थित ऐतिहासिक सेवॉय होटल में आयोजित किया जाएगा। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच होने जा रही इस शाही शादी को लेकर मसूरी में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ 14 मार्च को इसी प्रतिष्ठित होटल में सात फेरे लेंगे। शादी की तैयारियों को लेकर होटल में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं और इसे लेकर स्थानीय लोगों और क्रिकेट प्रेमियों में भी चर्चा बनी हुई है।

मसूरी का सेवॉय होटल अपने समृद्ध इतिहास और औपनिवेशिक दौर की विरासत के लिए जाना जाता है। वर्ष 1902 में स्थापित यह होटल ब्रिटिश शासनकाल में बनाया गया था और उस समय इसे मुख्य रूप से यूरोपीय अधिकारियों और विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए विकसित किया गया था। उस दौर में यहां भारतीयों के प्रवेश पर भी रोक हुआ करती थी, लेकिन समय के साथ परिस्थितियां बदलीं और यह होटल सभी के लिए खुल गया। आज यह देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और वीआईपी मेहमानों की पसंदीदा जगहों में शुमार है।
इस होटल की भव्य वास्तुकला और ऐतिहासिक महत्व इसे मसूरी की पहचान बनाते हैं। ब्रिटिशकालीन शैली में बनी इस इमारत में कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं की झलक भी मिलती है। भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, उनके पिता मोतीलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां यहां ठहर चुकी हैं। लंबे समय से यह होटल राजनीतिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का भी साक्षी रहा है।
सेवॉय होटल का इतिहास कई दिलचस्प घटनाओं से जुड़ा हुआ है। वर्ष 1905 में आए कांगड़ा भूकंप से इस इमारत को नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद 1907 में इसकी मरम्मत कर इसे दोबारा खोला गया। उसी समय यहां पहली बार बिजली की व्यवस्था भी शुरू की गई थी। उससे पहले होटल के भव्य बॉलरूम और डाइनिंग हॉल में रोशनी के लिए झूमरों में मोमबत्तियां और स्प्रिट लैंप का इस्तेमाल किया जाता था, जो उस दौर की शाही जीवनशैली की झलक पेश करता था।
इतिहास में इस होटल को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिली है। वर्ष 1920 में यहां आयोजित अफगान सम्मेलन ने इसे वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध किया था। इसके अलावा नेपाल के शमशेर जंग बहादुर और कपूरथला के महाराज जगजीत सिंह जैसी कई रियासती हस्तियां भी यहां आ चुकी हैं और उन्होंने होटल की भव्यता की सराहना की थी। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यहां आयोजित ऑर्केस्ट्रा और डांस कार्यक्रम भी काफी लोकप्रिय रहे, जिनमें वाल्ट्ज, टैंगो और फॉक्स-ट्रॉट जैसे पश्चिमी नृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाती थीं।
अब इसी ऐतिहासिक और शाही विरासत वाले सेवॉय होटल में कुलदीप यादव की शादी होने जा रही है। करीब एक सदी से अधिक पुराने इस होटल में होने वाला यह समारोह न केवल क्रिकेट जगत बल्कि पर्यटन नगरी मसूरी के लिए भी एक खास अवसर माना जा रहा है। माना जा रहा है कि यह आयोजन सेवॉय होटल के लंबे और गौरवशाली इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ देगा।

