
ऋषिकेश: राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने आज सनातनियों की आस्था का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार से प्रमुख हिंदू पर्वों पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम कार्यालय के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञापन भेजा है। राघवेंद्र भटनागर ने कहा कि हाल ही में पूरे देश में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व बड़ी धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने इस पर्व की तुलना दीपावली से करते हुए कहा कि यह करोड़ों सनातनियों की अटूट आस्था का केंद्र है। मगर आश्चर्य व्यक्त करते हुए उन्होनें कहा कि हनुमान जन्मोत्सव जैसे महापर्व पर किसी भी प्रदेश में कोई सरकारी अवकाश घोषित नहीं किया गया, जबकि अगले ही दिन गुड फ्राइडे पर राष्ट्रीय अवकाश था, जिसे उन्होंने भारत के बहुसंख्यक समुदाय का पर्व नहीं बताया।
प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि हिंदू समाज के महत्वपूर्ण पर्वों को अनिवार्य अवकाश की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। उनकी मुख्य मांगों में हनुमान जयंती,मौनी अमावस्या, कार्तिक स्नान, महाशिवरात्रि आदि त्योहार शामिल है। भटनागर ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री स्वयं सनातन की ध्वजा लेकर चल रहे हैं और उन्होंने सनातन समाज को एकजुट किया है। ऐसे में करोड़ों हिंदुओं को उनसे यह अपेक्षा है कि सनातन धर्म से जुड़े त्यौहारों को राष्ट्रीय अवकाश की श्रेणी में रखा जाए, ताकि सनातनी मान-मर्यादा और आस्था का संरक्षण हो सके।

