ऋषिकेश। तीर्थनगरी के एम्स रोड स्थित प्रसिद्ध बाबा काली कमली के बगीचे में आज रात अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। बगीचे की झाड़ियों और सूखे पत्तों में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण करना शुरू कर दिया था, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार, आज रात करीब 8:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बाबा काली कमली के बगीचे के एक हिस्से में आग धधक रही है। गर्मी के कारण सूखे पत्तों और झाड़ियों ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे लपटें तेजी से फैलने लगीं। सूचना मिलते ही एम्स चौकी से चीता पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। आग की तीव्रता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड के कंट्रोल रूम को सूचित किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन
फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों और आधुनिक अग्नि सुरक्षा उपकरणों के साथ बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग को बगीचे के बाकी बड़े हिस्से में फैलने से रोक दिया गया।
बड़ा नुकसान टला
फायर अफसर सुनील दत्त तिवारी ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके अत्यंत समीप ही बाबा काली कमली वालों का मुख्य कार्यालय स्थित है। इसके अलावा परिसर में लिप्टिस और कई फलदार पेड़ भी मौजूद हैं। यदि आग समय पर न बुझाई जाती, तो कार्यालय और सूखे पेड़ इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे भारी नुकसान हो सकता था।
जांच जारी
गर्मियों के मौसम में आग की ऐसी घटनाएं घातक साबित होती हैं। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर अफसर ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है कि यह किसी मानवीय लापरवाही का नतीजा है या इसके पीछे कोई अन्य संदिग्ध कारण है।

