ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश के हरिद्वार रोड स्थित काली की ढाल पर बुधवार शाम उस समय भारी हंगामा हो गया, जब स्थानीय लोगों ने कार सवार हरियाणा के पर्यटकों की जमकर धुनाई कर दी। पर्यटकों पर कार के भीतर से एक स्थानीय महिला के साथ अश्लील इशारे और छेड़छाड़ करने का आरोप है। गुस्से में आए लोगों ने न केवल पर्यटकों को बेरहमी से पीटा, बल्कि उनकी कार पर पत्थरों से हमला कर उसे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में एक पर्यटक के कपड़े तक फट गए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
धीमा होते ही किया अश्लील इशारा
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम को हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रही हरियाणा नंबर की एक कार जैसे ही काली की ढाल के पास पेट्रोल पंप के सामने बने डिवाइडर पर धीमी हुई, तभी कार में बैठे दो युवकों ने वहां से गुजर रही एक महिला पर कथित तौर पर अश्लील फब्तियां कसीं और छेड़छाड़ का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। लोगों ने जब पर्यटकों का विरोध किया, तो वे कार से नीचे उतर आए और खुद को बेकसूर बताते हुए स्थानीय लोगों से बहस करने लगे।
भड़का लोगों का गुस्सा, कपड़े फटने तक पीटा
पर्यटकों की बहसबाजी से स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उग्र भीड़ ने पर्यटकों पर हमला बोल दिया। लोगों ने पत्थरों से वार कर पर्यटकों की कार के शीशे तोड़ डाले और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
भीड़ ने पर्यटकों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट इस कदर हिंसक थी कि एक पर्यटक के कपड़े तक तार-तार हो गए और वह लगभग अर्धनग्न स्थिति में आ गया, इसके बावजूद लोग उसे पीटते रहे।
पुलिस ने शांत कराया मामला, जांच जारी
हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही आईडीपीएल पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह उग्र भीड़ के चंगुल से पर्यटकों को छुड़ाया और मामले को शांत कराया। घायल पर्यटकों को पहले अस्पताल ले जाकर उनका मेडिकल कराया गया, जिसके बाद उन्हें चौकी लाया गया।
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित तहरीर नहीं मिली है। आरोपी पर्यटकों ने अपने ऊपर लगे छेड़छाड़ के आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया है, वहीं पीड़ित महिला ने भी फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में जिस भी पक्ष की गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

