मुनिकीरेती (ऋषिकेश)।
मां गंगा के पावन तटों की धार्मिक मर्यादा को तार-तार करने और सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग मचाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ टिहरी पुलिस का सख्त रवैया एक बार फिर देखने को मिला है। ताजा मामले में पुलिस ने शिवपुरी बीच पर हुड़दंग मचा रहे और सरेआम शराब पी रहे छह युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से पर्यटकों की दो आलीशान गाड़ियों को भी सीज कर दिया है।
थार गाड़ी के ऊपर बैठकर पी रहे थे शराब
कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार को एक जागरूक पर्यटक द्वारा सूचना दी गई कि गंगा किनारे कुछ रईसजादे अपनी महिंद्रा थार गाड़ी के ऊपर बैठकर सरेआम शराब का सेवन कर रहे हैं। देवभूमि के शांत और धार्मिक वातावरण में इस तरह की अमर्यादित हरकत की खबर मिलते ही मुनिकीरेती कोतवाली पुलिस बिना वक्त गंवाए तत्काल भारी बल के साथ मौके पर पहुंची।
अन्य पर्यटकों की भावनाएं हो रही थीं आहत
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो नजारा हैरान करने वाला था। कुछ हुड़दंगी गंगा तट की पवित्रता और मर्यादा को ताक पर रखकर गाड़ी के ऊपर बैठकर जाम छलका रहे थे। इस वजह से वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों की शांति भंग हो रही थी और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं।
पुलिस का ‘क्विक एक्शन’, गाड़ियां मौके पर ही सीज
धार्मिक स्थल पर अराजकता फैलती देख पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी 6 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की। इसके अलावा, हुड़दंग और अनुशासनहीनता में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा थार और मारुति ब्रीजा कार को भी पुलिस ने मौके पर ही सीज कर दिया।
पुलिस की चेतावनी:
टिहरी पुलिस प्रशासन ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि तीर्थनगरी और गंगा तटों की पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जो भी पर्यटक या स्थानीय व्यक्ति मर्यादा तोड़ेगा, उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

