देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों तक तेज और बहुत भारी बारिश के आसार जताए हैं। शनिवार से शुरू होकर 20 जुलाई तक प्रदेश के 10 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 18 से 20 जुलाई के बीच देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर (यूएसनगर), चंपावत, उत्तरकाशी और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 21 जुलाई को बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
भूस्खलन और रास्ते बंद होने की आशंका
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में साफ किया है कि इस तेज बारिश के कारण राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं भूस्खलन हो सकता है। चट्टानें गिरने और सड़कों पर मलबा आने से रास्ते बंद होने की भी पूरी संभावना है। प्रशासन ने भूस्खलन संभावित संवेदनशील इलाकों में रह रहे लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने के निर्देश दिए हैं।
केवल बेहद जरूरी होने पर ही करें सफर: आपदा प्रबंधन खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने सलाह दी है कि लोग केवल बेहद जरूरी होने पर ही चारधाम यात्रा या राज्य के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों का सफर करें। अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
इसके साथ ही, नदियों, सहायक नदियों, गदेरों (बरसाती नालों) और निचले इलाकों के पास रहने वाली आबादी को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने और जलस्तर पर नजर रखने को कहा गया है।

