ऋषिकेश: कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का तीसरा सदस्य अभी फरार है। आरोपियों ने शहर की दो प्रसिद्ध दुकानों में चोरी की बात कबूल कर ली है।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से ₹2200 की नकदी, पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की एक चेकबुक, एक एटीएम कार्ड, तीन आधार कार्ड और एक पहचान पत्र बरामद किया है।
सीसीटीवी में कैद हुई थीं वारदातें
पुलिस के अनुसार, चोरों ने पहली वारदात को 12 अप्रैल की रात अंजाम दिया था, जब उन्होंने हरिद्वार रोड स्थित ‘कृष्णा मिष्ठान भंडार’ का शटर तोड़कर करीब ₹55,000 की नकदी उड़ा ली थी। इसके बाद 23 जून की सुबह, चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए कोतवाली के ठीक सामने देहरादून रोड पर स्थित ‘न्यू कैलाश मेडिकल हॉल’ का ताला तोड़ा और वहां से करीब ₹23,000 नकद व जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। ये दोनों ही घटनाएं पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थीं, जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।
घेराबंदी कर दबोचे आरोपी प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बीते शुक्रवार की रात खांड गांव मार्ग पर स्थित अंडरपास के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने विवेक गोयल और विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सोनीपत, हरियाणा के निवासी हैं।
नशे के शौक ने बनाया चोर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने उगलवाया कि उन्होंने अपने तीसरे साथी नवीन उर्फ बाली के साथ मिलकर इन दोनों चोरियों को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई अधिकांश रकम उन्होंने नशे और अपने अन्य शौक पूरे करने में खर्च कर दी। पुलिस ने बताया कि फरार चल रहे तीसरे आरोपी नवीन की तलाश में दबिश दी जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

