देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में देश का पहला ‘अग्निवीर रोजगार सेल’ स्थापित करने की घोषणा की है। यह एलान उन्होंने देहरादून में यूथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम के दौरान किया।
सेवामुक्त अग्निवीरों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस विशेष सेल के जरिए सेना से सेवामुक्त होकर लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा फायदा पहुंचाया जाएगा। सेल के संचालन को लेकर सीएम ने साफ किया कि इसकी जिम्मेदारी ऐसे योग्य लोगों को सौंपी जाएगी जो अग्निवीरों की समस्याओं को गहराई से समझते हों, ताकि उनकी हर समस्या का समय पर और सही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
होमस्टे और स्वरोजगार के लिए मिलेगी विशेष मदद
अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार ने कदम बढ़ाए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को अपना होमस्टे शुरू करने के लिए विशेष सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही, सीमावर्ती गांवों में रहने वाले स्थानीय निवासियों, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को खुद का रोजगार शुरू करने के लिए जरूरी सुविधाएं और विशेष वित्तीय मदद भी मुहैया कराई जाएगी।
सरकार के इस कदम से सेना से लौटने वाले युवाओं को राज्य में ही रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

