ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश और आसपास के इलाके में आत्महत्या के दो अलग-अलग सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। श्यामपुर में जहां एक व्यक्ति ने घर के भीतर फंदा लगाकर जान दे दी, वहीं योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है और मामलों की जांच में जुट गई है।
पहली घटना: श्यामपुर में नशे के आदी व्यक्ति ने लगाई फांसी पहली घटना श्यामपुर क्षेत्र की है, जहां 50 वर्षीय जसवंत सिंह ने अपने घर के कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब रात के समय जसवंत की पत्नी ने खिड़की से कमरे के अंदर झांका। पति को फंदे से लटका देख उन्होंने तुरंत अपने बेटे को जगाया। बदहवास परिजनों ने पुलिस और एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक जसवंत की मौत हो चुकी थी।
चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के अनुसार, जसवंत नशे के आदी थे और कुछ समय पहले ही नशा मुक्ति केंद्र से लौटकर आए थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
दूसरी घटना: रेलवे स्टेशन के पास मिला हफ्ता पुराना शव दूसरी घटना योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पीछे की है, जहां रेलवे के स्लीपर से रस्सी के सहारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला। शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा।
एसआई सुमित चौधरी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास लग रही है। शव लगभग एक सप्ताह पुराना होने के कारण सड़ने लगा था और उससे दुर्गंध आ रही थी। मृतक के पास से पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज या दस्तावेज नहीं मिला है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है। जहां एक तरफ जसवंत की आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ रेलवे स्टेशन के पास मिले अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के लिए पुलिस सोशल मीडिया और आसपास के थानों की मदद ले रही है।

