




ऋषिकेश: कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अखिलेश उर्फ अक्की को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
झांसा देकर होटल ले गया आरोपी
पुलिस को सौंपी गई तहरीर के अनुसार, बीते 24 अगस्त को गंगानगर निवासी पीड़िता की मां ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी अखिलेश उर्फ अक्की ने उनकी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर तपोवन बुलाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने किशोरी को कोई नशीला पदार्थ दिया और उसे एक होटल के कमरे में ले जाकर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल
दुष्कर्म के दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल से पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए। घटना के बाद आरोपी इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। यही नहीं, वह लगातार फोन और मैसेज भेजकर किशोरी पर दोबारा मिलने का मानसिक दबाव भी बना रहा था।
नेहरूग्राम स्थित घर से दबोचा
तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। 13 सितंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने नेहरूग्राम स्थित आरोपी के आवास के बाहर दबिश दी और अखिलेश उर्फ अक्की को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दे दी है। आरोपी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

