




ऋषिकेश: शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने और लंबे समय से फरार चल रहे एक नामजद आरोपी को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को अदालत के आदेश के बाद जेल भेज दिया गया है।
मामला इसी साल 9 अगस्त का है, जब पीड़ित महिला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी रामप्रीत साहनी ने उसे शादी का झांसा दिया और छल-कपट से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि संबंध बनाने के बाद जब उसने शादी के लिए कहा, तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, जैसे ही आरोपी को अपने खिलाफ केस दर्ज होने की भनक लगी, वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
ऋषिकेश पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि फरार आरोपी काले की ढाल टेंपो स्टैंड के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी रामप्रीत साहनी को धर दबोचा।
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामप्रीत साहनी मूल रूप से गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।

