
ऋषिकेश। तीर्थनगरी के प्रमुख त्रिवेणी घाट स्थित पार्किंग में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पार्किंग में खड़ी एक कार बिना ड्राइवर के ही अचानक अनियंत्रित होकर लुढ़कने लगी और देखते ही देखते सीधे गंगा की लहरों के बीच जा पहुंची। अचानक हुई इस घटना से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पार्किंग क्षेत्र में खड़ी थी। आशंका जताई जा रही है कि ढलान होने या चालक द्वारा हैंडब्रेक ठीक से न लगाए जाने के कारण कार अचानक आगे की ओर लुढ़कने लगी। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते या कार को रोकने का प्रयास करते, वह पार्किंग की सीमा को पार करते हुए सीधे गंगा नदी में उतर गई।
राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कार पूरी तरह खाली थी और उसके रास्ते में कोई श्रद्धालु भी नहीं आया, जिससे एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और पार्किंग कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। कार को गंगा के तेज बहाव में बहने से रोकने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मौके पर एक ट्रैक्टर मंगवाया गया और रस्सों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को पानी से सुरक्षित बाहर खींच लिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर त्रिवेणी घाट पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था और घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट किनारे पार्किंग की सीमा पर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

