




देहरादून: राजधानी देहरादून के जिला अस्पताल कोरोनेशन की इमरजेंसी उस वक्त जंग का मैदान बन गई, जब इलाज कराने आए दो पक्ष आपस में ही भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और मरीजों व उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हंगामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हादसे के बाद अस्पताल में बढ़ा विवाद जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे नेशविला रोड पर हुई एक सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उसके साथी इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के करीब 15 से 20 लोग भी अस्पताल पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही उग्र रूप ले लिया और दोनों गुट आपस में मारपीट करने लगे।
मरीजों में दहशत, कर्मचारी रहे बाल-बाल बचे अस्पताल के अंदर काफी देर तक चले इस ड्रामे के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि इस हिंसक झड़प में अस्पताल का कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ, लेकिन इमरजेंसी में भर्ती मरीजों और तीमारदारों में दहशत का माहौल बना रहा।
पुलिस शिकायत का इंतजार फिलहाल झगड़े के पीछे की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, अस्पताल की इमरजेंसी में हुई इस मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।

