




हरिद्वार/देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने सोमवार को हरिद्वार में मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अमृता रावत समेत कई अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने श्री सतपाल महाराज को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर समाज सेवा के लिए ऊर्जा एवं सामर्थ्य की कामना की।
अध्यात्म और राष्ट्रसेवा का अद्भुत समन्वय
राज्यपाल ने कहा कि अध्यात्म, सेवा और राष्ट्रसेवा का अद्भुत समन्वय श्री सतपाल महाराज के जीवन की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से देश और विदेश में मानव धर्म, आत्मज्ञान, सद्भावना और प्रेम का संदेश फैलाया है। उनका पूरा आध्यात्मिक जीवन समाज के उत्थान और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। सार्वजनिक जीवन में विभिन्न दायित्वों को निभाते हुए वे लगातार उत्तराखंड के विकास और सेवा में तत्पर हैं।
‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की प्रासंगिकता पर जोर संबोधन के दौरान राज्यपाल ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि आज के समय में यह भावना संपूर्ण मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। मानव धर्म, सद्भाव और सर्वधर्म समभाव के जरिए ही इस विचार को विश्व पटल पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
अंत में राज्यपाल ने कामना की कि सतपाल महाराज का अनुभव और मार्गदर्शन समाज तथा युवा पीढ़ी को ‘राष्ट्र प्रथम’ और जनसेवा की प्रेरणा देता रहे।

