




ऋषिकेश:
क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत थाना मुनिकीरेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान तीन नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 ग्राम स्मैक, 420 ग्राम चरस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
अलग-अलग स्थानों से हुई गिरफ्तारियां
मुनिकीरेती इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ढालवाला के पास से विनीत भट्ट नाम के युवक को 5 ग्राम स्मैक के साथ धर दबोचा गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में तपोवन बैरियर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास से 420 ग्राम चरस बरामद हुई। बाइक सवार आरोपियों की पहचान सलमान और मनीष नेगी के रूप में हुई है।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने तस्करों की मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है और तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोर्ट के आदेश के बाद सभी आरोपियों को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में ढालवाला चौकी प्रभारी आशीष रावत, तपोवन चौकी प्रभारी प्रवीन रावत, मुख्य आरक्षी नंदकिशोर थपलियाल, विजय प्रताप, सतेंद्र के साथ-साथ ANTF टीम के प्रभारी आशीष शर्मा और आरक्षी नज़ाकत मुख्य रूप से शामिल रहे।

