




हरिद्वार: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा और सफल संचालन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में पुनरीक्षण का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, जो पूर्व में 15 सितंबर को निर्धारित था, उसकी तिथि बढ़ाकर अब 3 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। इस दौरान सीडीओ ने फॉर्म 6, 7 और 8 के निस्तारण के संबंध में भी विस्तृत जानकारी साझा की।

सीडीओ डॉ. मिश्र ने पुनरीक्षण कार्यक्रम में मिल रहे पूर्ण सहयोग के लिए सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष बचे कार्यों को भी पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरा किया जाएगा।
वहीं, बैठक में मौजूद विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व और जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, सतीश कुमार दुबे, कांग्रेस प्रदेश सचिव कैलाश प्रधान, सीपीआई (एम) से राजीव गर्ग, राजेंद्र चौधरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित कई अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

