




देहरादून: सोशल मीडिया पर रील और स्टंटबाजी के चक्कर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर देहरादून पुलिस का चाबुक चला है। सार्वजनिक सड़क पर कार की खिड़की से बाहर लटककर लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने वाले एक सिरफिरे युवक को प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की गाड़ी को भी सीज कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? दरअसल, बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वायरल वीडियो में एक स्विफ्ट कार (नंबर: UK 08 BB 4151) का चालक चलती गाड़ी के बाहर लटककर तेजी व लापरवाही से वाहन दौड़ाता नजर आ रहा था। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह की खतरनाक ड्राइविंग से न केवल चालक अपनी जान जोखिम में डाल रहा था, बल्कि राहगीरों की सुरक्षा पर भी बड़ा खतरा बना हुआ था।
एसएसपी दून का सख्त रुख मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी चालक के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई एसएसपी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर थाना पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई। 21 सितंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उक्त स्विफ्ट कार को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया है।
आरोपी का विवरण:
पारस पुत्र श्री अनूप, उम्र: 23 वर्ष, 17 भैरव अखाड़ा, कोतवाली नगर, जनपद हरिद्वार
सीज वाहन का विवरण:
-
वाहन: स्विफ्ट कार (नंबर: UK 08 BB 4151)
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों पर हुड़दंग मचाने, खतरनाक स्टंट करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

