




हरिद्वार। आगामी महाकुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए हरिद्वार में प्रशासनिक तैयारियां तेज़ हो गई हैं। मानसून के बाद मौसम अनुकूल होते ही मेला क्षेत्र में बुनियादी ढांचागत विकास, सड़कों के नवीनीकरण और मेला भूमि के समतलीकरण (ड्रेसिंग एवं लेवलिंग) का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने रोड़ी बेलवाला, बैरागी कैंप, कनखल और सिंहद्वार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों का जायज़ा लिया।
प्रमुख सड़कों के नवीनीकरण पर करोड़ों की स्वीकृति
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने मेला क्षेत्र की प्रमुख सड़कों और चौराहों के सुधार कार्यों की समीक्षा की:
-
शंकराचार्य चौक से देशरक्षक तिराहा: कनखल थाना होते हुए इस मार्ग के डामरीकरण और फुटपाथ निर्माण के लिए ₹393.06 लाख की लागत से कार्य किया जा रहा है।
-
बंगाली मोड़ से बूढ़ी माता मंदिर: झंडा चौक और श्री यंत्र मंदिर होते हुए जाने वाले इस मार्ग के नवीनीकरण हेतु शासन द्वारा ₹394.19 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
-
बैरागी कैंप – ज्वालापुर संपर्क मार्ग: आईरिस सेतु से विश्व कल्याण आश्रम और मातृ सदन आश्रम होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी एनएच को जोड़ने वाली 6.740 किमी लंबी सड़क का ₹391.32 लाख की लागत से बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) द्वारा नवीनीकरण कराया जा रहा है।
अतिक्रमण हटाने और गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश
सड़कों पर यातायात सुचारु रखने के लिए मेलाधिकारी ने सख्त हिदायत दी कि मार्गों के किनारे पड़े अव्यवस्थित विद्युत पोल, निर्माण सामग्री और अन्य सामान को तत्काल हटाया जाए। साथ ही, पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यवस्थित फुटपाथ बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर बल देते हुए स्पष्ट किया कि मानकों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए।
मेला भूमि समतलीकरण और अस्थायी मार्ग
बैरागी कैंप क्षेत्र में चल रहे भूमि समतलीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेक्टर प्लान के अनुसार अखाड़ों, कुंभ शिविरों और पार्किंग स्थल की लेवलिंग का काम समय पर पूरा करें। श्रद्धालुओं व संतों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार अस्थायी आंतरिक मार्गों का निर्माण भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित संबंधित विभागों के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

