ऋषिकेश: अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आबकारी टीम ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने रुषाफॉर्म गुमानीवाला के पास नौकानाला पार जंगल में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने के ठिकाने का पर्दाफाश किया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि नौकानाला के पार जंगल में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने का काला कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने बताई गई जगह पर दबिश दी।
मौके पर 2000 किलोग्राम लहन नष्ट
मौके पर 2000 किलोग्राम लहन नष्ट
छापेमारी के दौरान आबकारी टीम ने जंगल में चल रही अवैध शराब की भट्टी और जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाए गए ड्रमों को खोज निकाला। इन ड्रमों में लगभग 2000 किलोग्राम लहन (शराब बनाने की सामग्री) भरा हुआ था, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा 4 जरिकेनों में भरकर रखी गई लगभग 80 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई।
मौके से फरार हुए तस्कर, केस दर्ज: आबकारी टीम को अपनी ओर आते देख शराब तस्कर घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहे। आबकारी विभाग ने फरार अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के साथ उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश व अर्जुन सिंह, हेड कांस्टेबल हेमंत सिंह, राकेश सिंह व दीपा डोबरियाल तथा कांस्टेबल अंकित कुमार, सोनम पंवार एवं रेशमा चौहान शामिल रहे।

