
देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान और नजदीकी जंगलों में कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम विवरण:
-
सुबह 10:55 बजे: गृह मंत्री विशेष विमान द्वारा दिल्ली से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे।
-
सुबह 11:50 बजे: शाह परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वे राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘राज्योत्सव समारोह’ में शिरकत करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री लगभग दो घंटे इस समारोह में मौजूद रहेंगे।
-
दोपहर 1:50 बजे: इसके पश्चात वे पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित ‘उत्तराखंड पुलिस राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह’ में हिस्सा लेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर वे उत्तराखंड पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ प्रदान करेंगे, जो राज्य पुलिस बल के लिए एक बड़ा गौरवशाली क्षण होगा।
कोर कमेटी की बैठक स्थगित: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री को भाजपा कोर कमेटी की बैठक में भी शामिल होना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से फिलहाल इस बैठक को टाल दिया गया है।

