
ऋषिकेश: ऋषिकेश में एटीएम बूथों पर ठगी करने वाले शातिर सक्रिय हो गए हैं। त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद का झांसा देकर एटीएम बूथ के अंदर एक युवक का कार्ड बदल लिया और कुछ ही मिनटों में खाते से 10,000 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश निवासी पीड़ित का खाता पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की हरिद्वार रोड शाखा में है। घटना के दिन दोपहर करीब 1 बजे वह नकदी निकालने के लिए बैंक के एटीएम बूथ पर गए थे। जब वह एटीएम के अंदर ट्रांजैक्शन कर रहे थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति मदद के बहाने उनके नजदीक आ गया। शातिर ने बड़ी चालाकी से धोखे में उनका असली एटीएम कार्ड बदल लिया।
कार्ड बदलने के तुरंत बाद आरोपी ने एटीएम का इस्तेमाल कर उनके खाते से 10 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। कुछ ही देर में मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज आने पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी में लिखित प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई है। इसके साथ ही, उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की हरिद्वार रोड शाखा के प्रबंधक से अनुरोध किया है कि घटना के समय की सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा जाए, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

