
ऋषिकेश: मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया है। शिवपुरी पेट्रोल पंप के पास एक बेलगाम अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। मृतक रिश्ते में सगे जीजा और साले थे।
रात करीब 10 बजे हुआ हादसा घटना 16 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। स्थानीय लोगों ने शिवपुरी पेट्रोल पंप के पास सड़क पर क्षतिग्रस्त स्कूटी और दो युवकों को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 35 वर्षीय प्रेम सिंह जेठूरी (निवासी नाई दोगी, टिहरी) और 25 वर्षीय आशीष (निवासी मिंडाथ गांव, टिहरी) के रूप में हुई है। इस हादसे में एक विवाहिता ने अपना पति और भाई दोनों को हमेशा के लिए खो दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

