कालाढूंगी/कोटाबाग: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कोटाबाग क्षेत्र के एक 17 वर्षीय किशोर ने ऑनलाइन गेमिंग के चलते कर्ज में फंसकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था।
अस्पताल के बेड से वीडियो बनाकर लगाया आरोप
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे किशोर ने जहर खाने के बाद एंबुलेंस और अस्पताल के बेड पर बनाया था। इस भावुक वीडियो में छात्र ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो के अनुसार, वह ऑनलाइन गेमिंग के चक्कर में भारी कर्ज में दब गया था और संबंधित युवक उसे उधारी चुकाने के लिए लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
कर्ज बना मौत का कारण
बताया जा रहा है कि छात्र को ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। इसी शौक को पूरा करने के लिए उसने कुछ लोगों से पैसे उधार लिए थे। कर्ज की रकम बढ़ने और लेनदार द्वारा दबाव बनाए जाने के कारण वह गहरे तनाव में था। इसी दबाव के चलते उसने खौफनाक कदम उठाते हुए जहरीला पदार्थ घटक लिया।
पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर लेते हुए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस उस युवक की तलाश कर रही है जिस पर छात्र ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। छात्र के मोबाइल फोन और गेमिंग हिस्ट्री को भी खंगाला जा रहा है ताकि कर्ज के लेन-देन की स्पष्ट पुष्टि हो सके।
अभिभावकों के लिए चेतावनी
यह घटना एक बार फिर युवाओं में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और उसके घातक परिणामों की ओर इशारा करती है। मनोवैज्ञानिकों और पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की इंटरनेट गतिविधियों और व्यवहार में आने वाले बदलावों पर कड़ी नजर रखें।
यदि आप या आपका कोई जानने वाला किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव या संकट से गुजर रहा है, तो कृपया पेशेवर मदद लें। आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। सरकार और कई एनजीओ द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

