ऋषिकेश: वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हाल ही में काले की ढाल (ऋषिकेश) निवासी उपासना ने अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर चोरों की धरपकड़ के लिए तुरंत एक टीम को सक्रिय किया गया।
चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर गोल चक्कर आईडीपीएल के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को रोका, जिनकी पहचान संदीप रावत (निवासी सतपुली) और विशाल पाल (निवासी श्यामपुर, हरिद्वार) के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने करीब दो हफ्ते पहले काले की ढाल क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल कर ली।
अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे चोर पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी आज किसी दूसरे वाहन को चोरी करने के इरादे से इलाके में घूम रहे थे, लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, ऋषिकेश पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को संबंधित मुकदमे के तहत कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

