ऋषिकेश: छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जनप्रतिनिधियों और नेताओं पर हुए लाठीचार्ज और पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में महानगर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। आज महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें केंद्र सरकार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने पुलिस प्रशासन और सरकार की कार्रवाई पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष, सांसदों और आम नागरिकों पर लाठीचार्ज करना, आंसू गैस के गोले छोड़ना तथा उनके साथ अभद्र व्यवहार करना अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस नेताओं ने सीधा आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर की गई यह कार्रवाई संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है।
वहीं पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह एवं जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है। सरकार की नैतिक जिम्मेदारी थी कि वह युवाओं की समस्याओं का संवाद के माध्यम से समाधान निकालती, लेकिन इसके ठीक उलट छात्रों और उनके समर्थन में आए जनप्रतिनिधियों पर बर्बरतापूर्वक बल प्रयोग किया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं पर करारा आघात करार दिया।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति से मांग की है कि इस पूरे घटनाक्रम का तत्काल संज्ञान लेते हुए कड़ी संवैधानिक कार्रवाई की जाए और देश के युवाओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

