

Uttarakhand: राज्य में एलपीजी और ईंधन की उपलब्धता को सुचारु बनाए रखने तथा कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। विभाग की टीमों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 10 से 12 मार्च के बीच 280 स्थानों पर निरीक्षण किया, जिसमें कई जगह अनियमितताएं सामने आने पर सख्त कार्रवाई की गई।
इस दौरान विभाग की ओर से 58 स्थानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से भरे जा रहे और नियमों के विपरीत उपयोग किए जा रहे 74 गैस सिलिंडर जब्त किए गए। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ चार प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं। निरीक्षण के दौरान एक कांटा (वजन मापने का उपकरण) और दो रिफिलिंग किट भी बरामद की गईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग के आयुक्त रुचि मोहन रयाल ने बताया कि यह अभियान एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों पर जुर्माना भी लगाया गया। विभाग ने अब तक अनियमितताओं के मामलों में कुल 4600 रुपये का अर्थदंड भी वसूला है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं को रसोई गैस और अन्य ईंधन उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसलिए किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।







