ऋषिकेश: श्री गुरु गोबिन्द सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर लक्ष्मणझूला रोड स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब परिसर में ट्रस्ट की ओर से एक भव्य निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और जरूरतमंदों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना रहा। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया।
स्वास्थ्य शिविर में हृदय रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, मस्तिष्क, पेट, हड्डी, दंत, स्त्री रोग, बाल रोग, नाड़ी एवं त्वचा रोग सहित विभिन्न विभागों के 60 से अधिक अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों की गहन जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में कुल 2231 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जो आयोजन की व्यापकता और लोगों के विश्वास को दर्शाता है।

ट्रस्ट की ओर से शिविर में आए सभी मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर मरीजों की ईसीजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन जैसी जांचें भी बिना किसी शुल्क के कराई गईं, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो सकी। इसके साथ ही आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 45 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए उपयोग में लाया जाएगा।
इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रतिनिधि नरेंद्रजीत सिंह बिन्द्रा ने बताया कि यह ट्रस्ट द्वारा आयोजित 14वां निशुल्क स्वास्थ्य शिविर है और भविष्य में भी इसी तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे। शिविर को सफल बनाने में डॉ. लोकेश सलूजा, डॉ. केजेएस सभरवाल, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. मधुर उनियाल, डॉ. एनबी श्रीवास्तव, डॉ. कुमार गौरव शर्मा, डॉ. देवव्रत साईं, डॉ. बीएस जज सहित कई चिकित्सकों और सेवादारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

